(जगदीश शर्मा देशप्रेमी)
रुड़की। रुड़की में मंगलवार देर शाम एक के बाद एक दो सनसनीखेज वारदातों ने पूरे शहर को दहला दिया। महज 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहली वारदात में प्रीत विहार निवासी संगीता को सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा से जाते समय बदमाश ने गोली मार दी। इसके करीब 10 मिनट बाद गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर में उसकी बहन पुष्पा और बहनोई पर घर के बाहर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक के बाद एक दो महिलाओं की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारी और पुलिस टीमें तत्काल दोनों घटनास्थलों की ओर दौड़ीं। कुछ ही मिनटों के अंतराल में सामने आई दो हत्याओं से शहर में दहशत फैल गई।
ई-रिक्शा से जा रही थी संगीता, रास्ते में मारी गोली
—————————————————
जानकारी के मुताबिक प्रीत विहार निवासी संगीता मंगलवार देर शाम ई-रिक्शा से सेक्टर रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगने से संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अभी पहली वारदात की जांच में जुटी ही थी कि करीब 10 मिनट बाद दूसरी सनसनीखेज सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए।
बहन के घर के बाहर बदमाश ने बरसाईं गोलियां
बताया गया कि संगीता की हत्या के करीब 10 मिनट बाद उसकी बहन पुष्पा और उसके पति पर सुभाषनगर स्थित घर के बाहर बदमाश ने गोली चला दी। फायरिंग में पुष्पा को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं उसका पति भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल पति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
एक के बाद एक दो हत्याओं से पुलिस के छूटे पसीने
महज 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो बहनों की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश का शक
प्रारंभिक जानकारी में दोनों हत्याओं के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। महिलाओं की हत्या के मामले में शक की सुई उनके भाई की ओर भी घूम रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दो वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
एक ही परिवार की दो महिलाओं की कुछ ही मिनटों के अंतराल में गोली मारकर हत्या किए जाने से रुड़की में सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आईं फायरिंग और हत्या की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती भी बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के साथ आरोपी तक जल्द पहुंचने की चुनौती है।
