कलियर में फिल्म प्रोड्यूसर को 40 करोड़ की धमकी, दरगाह में जियारत के दौरान आया खौफनाक फोन, रकम नहीं देने पर परिवार को बम से उड़ाने की धमकी; लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फोन आने का दावा
कलियर। दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए पहुंचे फिल्म जगत से जुड़े हाजी शकील सैफी के मोबाइल पर ऐसा फोन आया, जिसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया। दिल्ली निवासी हाजी शकील सैफी ने पुलिस को दी तहरीर में दावा किया है कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फोन कर 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद उन्होंने कलियर कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जियारत के बीच आया धमकी भरा फोन
हाजी शकील सैफी के मुताबिक, वह दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए कलियर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर फोन आया। उनका आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 40 करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार के सदस्य को निशाना बनाने की धमकी दी गई।
धमकी भरे फोन के बाद हाजी शकील सैफी ने कलियर पुलिस को तहरीर दी और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दिल्ली में भी दर्ज कराया जा चुका है मुकदमा
मामला सिर्फ कलियर तक सीमित नहीं है। हाजी शकील सैफी के अनुसार, उन्हें पूर्व में भी धमकी मिल चुकी है। इस संबंध में चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब कलियर में मिली धमकी के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिल्मी दुनिया से है पुराना नाता
हाजी शकील सैफी का फिल्म जगत से पुराना जुड़ाव रहा है। वह सैफी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रह चुके हैं और फिल्म निर्माण से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वह वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन, सैफी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और इंडिया सैफी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं।
जिस नंबर से आया फोन, पुलिस खंगाल रही कुंडली
कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हाजी शकील सैफी जियारत के लिए कलियर आए थे। उन्होंने फोन पर धमकी मिलने की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। दिल्ली में पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि हाजी शकील सैफी के पास लगातार फोन आने की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, उसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला वास्तव में कौन है और फोन के पीछे किसका हाथ है।

