रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़, रेशमबाड़ी कांड का फरार आरोपी शिवम चंद्रा गिरफ्तार, मुठभेड़ में दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस बरामद; जिला अस्पताल में कराया जा रहा उपचार
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित चल रहे शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने घेर लिया। इस दौरान पुलिस और आरोपित के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल आरोपित को पुलिस ने तत्काल कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा। पुलिस के अनुसार, आरोपित के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में फरार और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शिवम चंद्रा की गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, कोतवाली रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
– 315 बोर का एक तमंचा
– एक खोखा कारतूस
– एक जिंदा कारतूस
पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर रेशमबाड़ी प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
