बैक गियर में कार दौड़ाकर भागे संदिग्ध, पुलिस ने टायर में दागी गोली,बीएसएम कॉलेज के पास घेराबंदी तोड़ने की कोशिश, एक युवक गिरफ्तार; दूसरा अंधेरे में फरार

बैक गियर में कार दौड़ाकर भागे संदिग्ध, पुलिस ने टायर में दागी गोली,बीएसएम कॉलेज के पास घेराबंदी तोड़ने की कोशिश, एक युवक गिरफ्तार; दूसरा अंधेरे में फरार
रुड़की। शहर में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने कार सवार दो युवकों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही दोनों ने कार दौड़ाकर भागने का प्रयास किया। बीएसएम कॉलेज के पास कार फंसने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और पुलिस की घेराबंदी तोड़ने के लिए कार को बैक गियर में तेजी से दौड़ा दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कार के पहिए पर गोली चला दी। गोली लगते ही टायर पंचर हो गया और कार रुक गई।

पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार सवार एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार युवक की तलाश में आसपास के इलाके में काफी देर तक कांबिंग और दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात संदिग्ध कार सवार युवकों के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई देखकर कार सवारों ने रुकने के बजाय भागना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा किया तो बीएसएम कॉलेज के पास कार आगे जाकर फंस गई।
इस दौरान युवकों ने पुलिस के घेरे से निकलने के लिए कार को बैक गियर में दौड़ाना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो चुकी थी। तेज रफ्तार कार से किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार के टायर को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली लगने से टायर पंचर हो गया और कार वहीं रुक गई।
इसके बाद पुलिस ने कार सवार एक युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान सुवेत निवासी पुरकाजी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं फरार युवक की पहचान फैजान निवासी पुरकाजी के रूप में बताई गई है।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ रुड़की घूमने आया था। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और इसी वजह से कार लेकर भागने लगा। हालांकि, पुलिस इस जवाब को संदिग्ध मान रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक देर रात रुड़की क्यों आए थे और उनके यहां आने का वास्तविक मकसद क्या था।
कार के दस्तावेज, युवकों की पृष्ठभूमि और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार युवक की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। फरार युवक की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *