आरोग्यं अस्पताल में विधायक पुत्र और डॉक्टर आमने-सामने, मारपीट से मचा हड़कंप,मरीज के उपचार को लेकर अस्पताल पहुंचे अभिषेक राकेश, दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप; अस्पताल प्रबंधन ने दूसरे पक्ष पर लगाया हथियार लेकर आने का आरोप, डॉक्टरों ने कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

  • आरोग्यं अस्पताल में विधायक पुत्र और डॉक्टर आमने-सामने, मारपीट से मचा हड़कंप,मरीज के उपचार को लेकर अस्पताल पहुंचे अभिषेक राकेश, दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप; अस्पताल प्रबंधन ने दूसरे पक्ष पर लगाया हथियार लेकर आने  का आरोप, डॉक्टरों ने कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी
    रुड़की। (जगदीश शर्मा देशप्रेमी) भगवानपुर के आरोग्यं अस्पताल में मरीज के उपचार को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब भगवानपुर विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश और अस्पताल के एक डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के आरोप लगाए जाने लगे। घटना से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई और वहां मौजूद मरीजों व तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
    बताया जा रहा है कि एक मरीज के उपचार को लेकर अभिषेक राकेश अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान डॉक्टर और उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने का आरोप है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से विवेक अहलावत ने पुलिस को तहरीर देकर दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं अभिषेक राकेश की ओर से भी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी गई है।
    अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना को गंभीर बताते हुए दूसरे पक्ष पर हथियार लेकर आने का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर डॉक्टर ने भी मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टर कार्य बहिष्कार कर सकते हैं। इससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। वहीं विधायक ममता राकेश ने कहा कि उनका बेटा क्षेत्र के व्यक्ति की शिकायत लेकर वहां पर पहुंचा था। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से ही अभद्रता की गई। जिसके बाद विवाद हुआ।
    ——————————-
    सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
    रुड़की।
    घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट की घटना में कौन-कौन शामिल था।
    —————————-
    अस्पताल में मचा हड़कंप
    रुड़की।अस्पताल परिसर में विवाद और मारपीट की घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामला विधायक परिवार से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। फिलहाल पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
    ————————–
    ये है पुलिस का कहना
    रुड़की।
    भगवानपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *