ऊधमसिंहनगर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 11 जनवरी को किच्छा क्षेत्र में एक युवक का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। साेशल मीडिया एवं दूसरे माध्यम से मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र रूपलाल निवासी मेथी नवदिया, बरेली (उ0प्र0) के रूप में हुई। परिजनों द्वारा बताया गया कि दिनांक 09/01/2026 को मृतक अपनी बहन को भोजीपुरा रेलवे स्टेशन छोड़कर रुद्रपुर के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों का डेटा एनालिसिस एवं मृतक के भोजीपुरा से किच्छा आने के मार्ग तथा घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 250–300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया गया।। इस पर पाया कि युवक भोजीपुरा रेलवे स्टेशन से अपनी मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात
व्यक्तियों के साथ किच्छा की ओर आते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर अभियुक्तों के फोटो स्केच तैयार कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने विजयपाल (उम्र 26 वर्ष) पुत्र जोगराज निवासी ग्राम रसूलपुर पोस्ट खास, थाना शीशगढ़, जिला बरेली (उ0प्र0) और दीपक मौर्या (उम्र 22 वर्ष) पुत्र अतेन्द्र सिंह निवासी ग्राम सिररा, थाना मिलक, जिला रामपुर (उ0प्र0) को गिरफ्तार कर लिया।
