उत्तराखंड में अफवाह पर विराम. जल्द मिलेगी बड़े नेताओं को दायित्वधारी की जिम्मेदारी, धामी सरकार ने दायित्वधारियो की सूची की तैयार, जल्दी नए कलेवर में नजर आएगी भाजपा सरकार

देहरादून। देशभर में चल रही उठा पाठक की अटकलें के बीच उत्तराखंड में जल्दी बड़े नेताओं को जिम्मेदारी मिलेगी। प्रदेश में लगातार सत्ता परिवर्तन की चल रही अफवाहों पर धामी सरकार ने विराम लगाया है। अब उत्तराखंड की धामी सरकार नए कलेवर में नजर आएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर सभी अटकलों को पीछे छोड़ते हुए मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरते नजर आ रहे हैं। चुनावी वर्ष में जहां बदलाव और नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर थीं। वहीं सीएम धामी ने एक बार फिर अपने फैसले से इन सभी अफवाहों पर विराम लगाने जा रहे है। सूत्रों की माने तो, अगले 24 घंटों के भीतर दायित्वधारियों की एक बड़ी सूची जारी की जा सकती है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कई सक्रिय और समर्पित नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। यह सूची लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए काम कर रहे उन चेहरों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। दायित्वों के वितरण को भाजपा के भीतर संगठनात्मक संतुलन और चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री धामी न केवल संगठन को साथ लेकर चल रहे हैं, बल्कि चुनाव से पहले पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को साधने में भी सफल होते दिख रहे हैं। गौरतलब है कि बीते कुछ समय से उत्तराखंड की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार, नेतृत्व परिवर्तन और बड़े प्रशासनिक बदलाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। हालांकि, केंद्र से मिली हरी झंडी के बाद धामी सरकार द्वारा दायित्वधारियों की सूची जारी करने की तैयारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पार्टी हाईकमान का पूरा भरोसा प्राप्त है। यही कारण है कि एक बार फिर उन्हें संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर फैसले लेने की खुली छूट दी गई है। वही राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो दायित्व वितरण के जरिए भाजपा आगामी चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। नए दायित्वधारी जहां सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम करेंगे, वहीं संगठन को भी नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। इससे उन नेताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है, जो लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और किसी जिम्मेदारी की प्रतीक्षा में थे।

कुल मिलाकर, चुनावी साल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह कदम न केवल राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, बल्कि इससे यह भी साफ होता है कि वे लगातार भाजपा हाईकमान की पसंद बने हुए हैं। आने वाले दिनों में दायित्वधारियों की सूची सामने आने के बाद उत्तराखंड की सियासत में नई हलचल देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *