राजपुर थाना मिला पीडी भट्ट को, संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्र की कमान सौंपी, नशा तस्करों के नेटवर्क पर पहले भी कर चुके हैं करारा प्रहार, कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल का भरोसा
देहरादून: जनपद के सबसे संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्रों में शुमार राजपुर थाने की जिम्मेदारी तेज तर्रार पीडी भट्ट को सौंपी गई है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राजपुर थाना क्षेत्र में वीआईपी मूवमेंट, पर्यटकों की आवाजाही और उच्च प्रोफाइल गतिविधियों को देखते हुए यहां एक अनुभवी और सख्त अधिकारी की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
पीडी भट्ट का ट्रैक रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। इससे पहले हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में तैनाती के दौरान उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया था। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई बड़े गिरोहों का पर्दाफाश किया और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर कड़ा अंकुश लगाया।
इसके अलावा उन्होंने कई संगीन अपराधों का सफल खुलासा कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली में सख्ती और निष्पक्षता साफ नजर आती है, जिसके चलते विभाग में उनकी अलग पहचान बनी हुई है।
राजपुर थाना क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने उन पर भरोसा जताते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनकी तैनाती से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसिंग व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिलेगा।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं। खासकर ट्रैफिक, पर्यटकों की सुरक्षा और नशे के खिलाफ अभियान को लेकर लोगों को सख्त कार्रवाई की उम्मीद है। अब देखना होगा कि पीडी भट्ट अपने पिछले रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए राजपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को किस तरह नई दिशा देते हैं।
