चारधाम यात्रा को लेकर देहरादून-ऋषिकेश में पहली समीक्षा बैठक, कमिश्नर विनय शंकर पांडेय हुए सख्त

*चारधाम यात्रा को लेकर देहरादून-ऋषिकेश में पहली समीक्षा बैठक, कमिश्नर विनय शंकर पांडेय हुए सख्त*

देहरादून/ऋषिकेश। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल स्तर पर पहली बड़ी बैठक आयोजित की गई। आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस अहम बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित यात्रा से जुड़े सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करना रहा। इसमें यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सड़क एवं आपदा प्रबंधन, संचार व्यवस्था सहित तमाम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जब एक अधिकारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला और आवश्यक विषय पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखी, तो आयुक्त गढ़वाल ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी और गंभीरता के साथ उपस्थित रहने की नसीहत दी।
आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अभी से जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू करें, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि चारधाम यात्रा-2026 को अब तक की सबसे बेहतर और सुरक्षित यात्रा बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *