मैकेनिक हत्याकांड में बड़ा अपडेट: मुठभेड़ में सहारनपुर का शूटर गिरफ्तार
शांतरशाह में एक सप्ताह पहले हुई थी बाइक मैकेनिक की हत्या, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार; जिलेभर में कांबिंग

हरिद्वार। बहादराबाद के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात बहादराबाद-दौलतपुर के जंगल में पुलिस की शूटरों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में सहारनपुर निवासी बदमाश मुदस्सिर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया।

करीब एक सप्ताह पहले शांतरशाह क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस हत्यारोपितों और शूटरों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद जंगल में घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
गोली लगने के बाद पकड़े गए मुदस्सिर को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हैप्पी की हत्या की साजिश किसने रची और वारदात के पीछे किसका हाथ था।
फरार साथी की तलाश में कांबिंग
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर कांबिंग शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। एसएसपी ने बताया कि फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का दावा है कि दोनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की पूरी तस्वीर सामने आ जाएगी।
