भगवानपुर में रामलीला की तैयारियां तेज, ध्वजारोहण यात्रा में उमड़ा उत्साह, हनुमान-खाटू श्याम मंदिर में पूजा के बाद निकली यात्रा, छह अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला मंचन)
(रिषभ अग्रवाल)
भगवानपुर। श्री शिव शक्ति रंगमंच रामलीला कमेटी की ओर से बुधवार को रामलीला मंचन से पहले ध्वजारोहण यात्रा निकाली गई। श्री हनुमान एवं खाटू श्याम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई यात्रा ने कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा मंदिर से रवाना होकर रविदास मंदिर, मुख्य बाजार, मनोकामना मंदिर और थाने के सामने से होते हुए रामलीला रंगमंच पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। यात्रा के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा।

कमेटी के प्रधान संजय बंसल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का पांचवां आयोजन किया जा रहा है। छह अक्टूबर को गणेश पूजन के साथ रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और धर्म के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कमेटी की ओर से क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला देखने पहुंचने और आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई।
इस दौरान कृष्णा शर्मा, सुनील बंसल, अनुज शर्मा, नीरज शर्मा, सुधीर अग्रवाल, सुबोध राकेश, रितिक कश्यप, संजय अग्रवाल, रुपेश गोयल, पवन शर्मा, राजू धीमान, रिषभ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
