
कांवड़ पटरी पर ई-रिक्शा सवार जायरीन महिला से बैग छीना, स्कूटी सवार बदमाश ने झपटा मारा, स्कूटी गिरने पर जंगल की ओर भागा; बैग से नकदी निकालकर फरार, तीन दिन में दूसरी घटना से मचा हड़कंप
रुड़की। पिरान कलियर से रुड़की रेलवे स्टेशन जा रही जायरीन महिला से बाजुहेड़ी और रुड़की के बीच कांवड़ पटरी पर स्कूटी सवार बदमाश ने झपटा मारकर हैंडबैग छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश ने स्कूटी से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी सड़क किनारे गिर गई। इसके बाद वह स्कूटी मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। महिला के शोर मचाने पर राहगीरों और ई-रिक्शा में सवार लोगों ने बदमाश का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपित ने बैग सड़क किनारे फेंक दिया और उसमें रखी करीब दो हजार रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी जायरीन गुरुवार को पिरान कलियर में जियारत करने के बाद ई-रिक्शा से रुड़की रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान बाजुहेड़ी और रुड़की के बीच कांवड़ पटरी पर स्कूटी सवार युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचा और उसमें बैठी महिला शमीमा के हाथ से झपटा मारकर बैग छीन लिया।
बैग छीनने के बाद बदमाश ने स्कूटी से तेजी से भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। बदमाश स्कूटी वहीं छोड़कर जंगल की ओर दौड़ पड़ा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के राहगीरों और ई-रिक्शा में मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया। पीछा करने वालों को नजदीक आता देख बदमाश ने बैग सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद बैग से करीब दो हजार रुपये की नकदी निकालकर वह अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। घटना के बाद कलियर और रुड़की कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, स्कूटी कब्जे में लेकर शुरू बदमाशों की तलाश
————————-
*कुछ दिन में दूसरी वारदात से सुरक्षा पर सवाल*
कांवड़ पटरी पर लूट और झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोमवार को भी इसी मार्ग पर मंगलौर निवासी एक महिला से बैग छीनने की घटना सामने आई थी। अब जायरीन महिला को निशाना बनाए जाने से राहगीरों और जायरीनों में भी दहशत का माहौल है। रात के समय इस मार्ग पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग उठ रही है।
