किराएदार ही निकला चेन लूट का मास्टरमाइंड, सिर पर चुनरी लपेट महिला को दिया चकमा था चकमा, एक साल से घर में रह रहा था आरोपित, फैक्ट्री में नौकरी के साथ बना रहा था लूट की साजिश सीसीटीवी ने खोला राज, लूटी गई चेन बरामद
रुड़की। (जगदीश शर्मा देशप्रेमी) जिस किराएदार पर मकान मालिक परिवार ने भरोसा किया, वही मौका मिलते ही लुटेरा बन गया। आरोपित ने महिला का ही भरोसा तोड़ दिया। हनुमान कॉलोनी में महिला से चेन लूटने के लिए आरोपित ने ऐसी चाल चली कि पहली नजर में कोई उसे पहचान ही नहीं सका। महिला को चकमा देने के लिए आरोपी ने सिर पर चुनरी लपेटकर महिला की वेशभूषा धारण की और वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि, वारदात के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज ने उसकी पूरी चालाकी पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने चेन लूट के मामले में सूरज निवासी डुमरी, थाना चमकौर साहिब, जिला रूपनगर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से महिला से लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है। घटना पांच दिन पुरानी है।
———-
*एक साल से था घर का किराएदार*
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सूरज कोई बाहरी व्यक्ति नहीं था, बल्कि वह करीब एक साल से महिला के यहां किराए पर रह रहा था। वह रुड़की क्षेत्र की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। घर और आसपास के माहौल की पूरी जानकारी होने के कारण उसे वारदात के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी।
*पहचान छिपाने को ओढ़ी चुनरी*
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर चुनरी लपेटी और महिला की वेशभूषा में पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। उसका मकसद सीसीटीवी या मौके पर मौजूद लोगों को गुमराह करना था। वारदात के बाद पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो संदिग्ध की गतिविधियां सामने आईं। जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई उसी किराएदार तक पहुंच गई।
———————
*भरोसे की आड़ में वारदात ने उड़ाए होश*
जिस व्यक्ति को परिवार लंबे समय से किराएदार के रूप में जानता था, उसी के वारदात में शामिल होने से पुलिस भी हैरान है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात अकेले की गई थी या इसके पीछे कोई और भी शामिल था।
——————-
सीसीटीवी फुटेज और बरामद चेन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
आरोपी से पूछताछ में लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है।
