- जगदीश शर्मा देशप्रेमी
रुड़की: शहर में टप्पेबाज फिर से पुलिस को आंख दिखाने लगे है। सम्मोहित कर लोगों को ठगने वाला गिरोह तो आज तक पुलिस के हाथ नहीं आ पाया लेकिन यह गिरोह कुछ अतंराल के बाद इस तरह की वारदात कर पुलिस के लिए चुनौती जरूर खड़ी कर देता है। कोई पांव छूकर गला साफ कर रहा तो कोई पूजा के बहाने कान साफ कर रहा। शहर में टप्पेबाजों और ठगों की यह दस्तक मंगलवार से शुरू हुई। मंगलवार को नेहरू स्टेडियम में कलश यात्रा के दौरान टप्पेबाजों ने एक या दो नहीं बल्कि छह महिलाओं के गले से चेन झपट ली थी। पुलिस बस लकीर पीटते रह गई। वहीं सिविललाइंस के नगर निगम पुल पर दो युवकों ने एक महिला और उसके बेटे को सम्मोहित कर कुंडल हड़प लिये। पुलिस इन्हें पकड़ने के लिए हाथ पांव मारती रही। वहीं टप्पेबाजों ने एक और वारदात कर शहर में सनसनी फैला दी। इस बाद फिर से गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में एक इलेक्ट्रानिक कारोबारी राकेश मोहन ठकराल के कंधे की मालिश करने के बहाने से युवक ने गले से चेन साफ कर दी। इससे पहले उसने पांव छू कर कारोबारी को झांसे में लिया था। शहर के दोनों कोतवाली की पुलिस बस लकीर पीटने तक सीमित है।
—————
