32 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
32 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टों में छिपाकर ला रहे थे खेप
हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनखल पुलिस ने करीब 32 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित गांजे को पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचाने के लिए कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टों में छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद गांजे को करीब एक-एक किलोग्राम के पैकेट में तैयार किया गया था।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। इसी अभियान के तहत कनखल पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को पकड़ा और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 32 किलो गांजा बरामद किया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि तस्करों ने गांजे को छोटे-छोटे पैकेट में पैक कर रखा था, जिससे उसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा सके। गांजा कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टों में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
कहां से आई खेप, कहां होनी थी सप्लाई?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे हरिद्वार में कहां खपाने की योजना थी। इसके अलावा आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित इससे पहले कितनी बार नशे की खेप पहुंचा चुके हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस अन्य संदिग्धों और सप्लाई नेटवर्क पर भी नजर बनाए हुए है।
