किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर पुलिस अलर्ट, तीन कंपनी PAC समेत भारी फोर्स तैनात
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी मतगणना, ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
ऊधमसिंहनगर। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। मतगणना केंद्रों के साथ ही आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और तीन कंपनी पीएसी तैनात की गई है। ड्रोन कैमरों के जरिये भी पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर रखी जाएगी।
मतगणना से पहले पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इसमें एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर और सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना एजेंटों के प्रवेश और निकासी, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
426 पुलिसकर्मियों के साथ तीन कंपनी PAC संभालेगी मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, चार क्षेत्राधिकारी, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन कंपनी पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त और चेकिंग की जाएगी।
ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया पर साइबर टीम की नजर
मतगणना केंद्रों और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। साइबर टीम 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नजर रखेगी। पुलिस का मकसद अफवाह, भ्रामक खबर या भड़काऊ पोस्ट के जरिये माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोकना है।
अफवाह फैलाने वालों को एसएसपी की सख्त चेतावनी
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी तरह का व्यवधान, शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करें।
किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना को लेकर पुलिस अलर्ट, तीन कंपनी PAC समेत भारी फोर्स तैनात,त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी मतगणना, ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
